Ukraine President Volodymyr Zelensky Security lapse: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। उनके साथ बड़ा हादसा होते-होते रह गया। इस हादसे में वोलोदिमीर जेलेंस्की की जान भी जा सकती थी। दरअसल यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के विमान से ड्रोन टकराने वाला था। गनीमत रही कि विमान ड्रोन से टकराने से बाल-बाल बच गया।
नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोरे ने इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि यह यूक्रेनी राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान बने सुरक्षा खतरे की गंभीरता को दिखाता है। हालांकि यूक्रेन के अधिकारियों की ओर से अभी इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के मुताबिक यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की नॉर्वे के दिवंगत राजा हेराल्ड पंचम के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ओस्लो जा रहे थे। जेलेंस्की ने मोल्दोवा से नॉर्वे के लिए उड़ान भरा था। इसी दौरान उनके विमान के सामने अज्ञात ड्रोन आ गया। गनीमत रही कि विमान ड्रोन से टकराने से बाल-बाल बच गया। वरना बड़ी घटना हो सकती थी। जेलेंस्की मंगलवार शाम सुरक्षित रूप से ओस्लो पहुंच गए। इस समारोह में दुनिया के कई नेता और अंतरराष्ट्रीय हस्तियां शामिल हुईं। इससे पहले जेलेंस्की ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोरे से मुलाकात भी की थी।
नॉर्वे के वित्त मंत्री ने भी घटना की पुष्टि की
नॉर्वे के वित्त मंत्री जेन्स स्टोल्टेनबर्ग ने भी घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि ओस्लो पहुंचने के कुछ समय बाद जेलेंस्की ने खुद इस घटना के बारे में उन्हें बताया था। स्टोल्टेनबर्ग ने कहा कि उन्होंने कल रात हमारी बैठक में हमें इसके बारे में बताया। मैं इसके विवरण में जाने की हिम्मत नहीं करूंगा, लेकिन उनकी उड़ान में देरी हुई थी और विमान को लेकर कुछ खतरे थे। हालांकि, मुझे इतनी जानकारी नहीं है कि मैं इसके बारे में और कुछ बता सकूं।
राजा हेराल्ड के अंतिम संस्कार में पहुंचे जेलेंस्की
अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद जेलेंस्की ने एक्स पर दिवंगत राजा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि यूक्रेन हमेशा नॉर्वे की ओर से मिली मदद के लिए आभारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह समर्थन केवल नॉर्वे की सरकार की ओर से नहीं, बल्कि शाही परिवार और वहां के लोगों की ओर से भी मिला है।

